महाराष्ट्र में 22 अक्टूबर से सिनेमाघरों को खुलने की मंजूरी के साथ जहां तमाम फ़िल्ममेकर्स ने एक बार फ़िर अपनी-अपनी फ़िल्मों की रिलीज डेट बुक कर दी है वहीं अजय देवगन ने भी अपनी स्पोर्ट्स ड्रामा मैदान की नई रिलीज डेट अनाउंस कर दी है । अजय देवगन की फ़ुटबॉल बेस्ड स्पोर्ट्स ड्रामा मैदान अब 3 जून 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।

अजय देवगन की मैदान की नई रिलीज डेट
अजय ने फिल्म के नए पोस्टर साझा करते हुए बताया कि उनकी फिल्म मैदान 03 जून 2022 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी । अजय की यह फिल्म बहुत बड़े स्केल पर रिलीज होगी । मेकर्स इसे चार भाषाओं में रिलीज करेंगे । हिंदी के साथ यह फिल्म तमिल, तेलुगू और मलयालम भाषा में रिलीज होगी ।
अमित रवींद्रनाथ शर्मा के डायरेक्शन में बनी फ़िल्म मैदान भारत के बेहतरीन फ़ुटबॉल कोच सईद अब्दुल रहीम की अविश्वसनीय कहानी से प्रेरित है । इस फ़िल्म में कई सारे फ़ुटबॉल मैचों की सीरिज देखने को मिलेगी जिसमें भारत का मुकाबला अन्य देशों के खिलाड़ियों से होगा । इस फ़िल्म के लिए दुनिया भर के फुटबॉल खिलाड़ियों को मैदान में खेलने के लिए बुलाया गया था । ये फ़ुटबॉल खिलाड़ी जापान, दक्षिण कोरिया, फ्रांस और थाईलैंड जैसी जगहों से आए ।
भारतीय फुटबॉल के सुनहरे सालों पर आधारित सच्ची कहानी है
अमित शर्मा के निर्देशन में बनी मैदान, भारतीय फुटबॉल के सुनहरे सालों पर आधारित सच्ची कहानी है । इस फ़िल्म में अजय एक फ़ुटबॉल कोच सईद अब्दुल रहीम के किरदार में नजर आएंगे । महान कोच सैयद अब्दुल रहीम भारतीय फुटबॉल के संस्थापक पिता के तौर पर जाना जाते हैं । रहीम 1950 से 1962 तक (निधन होने तक) भारतीय राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के मैनेजर और कोच रहे थे । उन्हें आधुनिक भारतीय फुटबॉल का वास्तुकार माना जाता है ।
Maidaan, A story that will resonate with every Indian, a film that I feel very strongly about. Mark the date on your calendar. Releasing worldwide on 3rd June, 2022. pic.twitter.com/bmHM2sf8qm
— Ajay Devgn (@ajaydevgn) September 30, 2021
इस फिल्म में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री प्रियामणि, गजराज राव और बंगाली अभिनेता रुद्रनील घोष भी हैं । इस फिल्म की पटकथा साईविन क्वाद्रास और संवाद रितेश शाह ने लिखे हैं और इसे जी स्टूडियो, बोनी कपूर, आकाश चावला और अरुणव जॉय सेनगुप्ता ने मिलकर प्रोड्यूस किया है ।
















