बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस एक बार फ़िर सुकेश चंद्रशेखर के कारण हेडलाइन में आ गई हैं । प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने जैकलीन फर्नांडिस को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में समन जारी किया है । इस मामले में ईडी ने जैकलीन से करीब 5 बार पूछताछ की है । और अब एक बार फ़िर आज ईडी महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मामले में जैकलीन से पूछताछ करना चाह रही थी लेकिन अभिनेत्री इस पूछताछ के लिए ईडी दफ्तर नहीं पहुंचीं । इन सबके बीच महाठग सुकेश चंद्रशेखर ने एक बार फ़िर अपनी लेडी लव जैकलीन फर्नांडिस के नाम एक प्यार भरा खत लिखा है ।

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जैकलीन फर्नांडिस नहीं पहुंची ED ऑफ़िस ; सुकेश चंद्रशेखर ने अपनी लेडी लव के लिए फ़िर लिखा लव लेटर

सुकेश चंद्रशेखर को लेकर जैकलीन फर्नांडिस फ़िर मुश्किल में

कहा जा रहा है कि, मामले की जांच में एजेंसी को कुछ 'नए' इनपुट मिले थे, जिसके चलते उन्होंने एक्ट्रेस को पूछताछ के लिए समन जारी किया था । जैकलीन की लीगल टीम ने ईडी अधिकारियों से मुलाकात की और कहा कि स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण एक्ट्रेस पूछताछ के लिए नहीं आ सकेंगी । ईडी इस मामले में जल्द ही नया समन जारी कर सकती है ।

मनी लॉन्ड्रिंग के इस केस में ईडी पहले से ही सुकेश चंद्रशेखर और जैकलीन फर्नांडिस के खिलाफ चार्जशीट फाइल कर चुकी है। चार्जशीट के मुताबिक चंद्रशेखर ने बड़ा खुलासा किया है। जैकलीन को लेकर चंद्रशेखर ने कहा है कि उन्होंने एक्ट्रेस को करोड़ों रुपये के महंगे गिफ्ट दिए थे।

इसी बीच चंद्रशेखर ने जेल में रहने के बावजूद जैकलीन के जन्मदिन, जो कि 30 अगस्त को है, के लिए एक लव लेटर लिखा है । इस पत्र में सुकेश ने जैकलीन के लिए लिखा है- ‘बेबी, मैं बहुत बेताब हूं । तुम्हारे जन्मदिन का काउंटडाउन शुरू हो गया है । बेबी आपका जन्मदिन मेरे लिए बहुत खास होता है। जिस दिन मैं आपके चेहरे पर स्माइल देखकर काफी खुश हो जाता हूं । मैं ‘हैंगओवर’ गाने को पिछले 2 दिन से सुन रहा हूं और मैं आपके लिए यही फील करता हूं ।”

ईडी ने जैकलीन पर आरोप लगाया है कि उन्होंने चंद्रशेखर के बारे में सब पता होने के बाद भी उनसे लगातार महंगे गिफ्ट्स, कीमती सामान, आभूषण और महंगे तोहफे लिए। हालांकि जैकलीन ने पूछताछ में कई बार कहा है कि उनका इस सब से कोई लेना देना नहीं है ।

बता दें कि, हाल ही में 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग केस के मुख्य आरोपी सुकेश चंद्रशेखर को बॉम्बे हाई कोर्ट से जमानत मिली है । हालांकि उन पर दर्ज अन्य केस को मद्देनजर रखते हुए फिलहाल वह जेल में ही रहने का आदेश दिया गया है । फ़िलहाल सुकेश दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद है।