ये कहना ग़लत नहीं होगा कि कार्तिक आर्यन, धीरे-धीरे बॉलीवुड के सबसे डिमांडिंग अभिनेता में से एक बनते जा रहे हैं । फ़िल्ममेकर्स भी कार्तिक आर्यन पर दांव लगाने में हिचकिचाते नहीं हैं, फिर चाहे वो फ़िल्म हो या फ़िल्म का प्रमोशन । कबीर खान निर्देशित और साजिद नाडियाडवाला द्वारा निर्मित कार्तिक आर्यन की फिल्म चंदू चैंपियन की रिलीज का काउंटडाउन शुरू हो गया है । 14 जून, 2024 को बड़े पर्दे पर रिलीज होने वाली चंदू चैंपियन के प्रमोशन में मेकर्स कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं और इसी बीच हमें पता चला है कि साजिद नाडियाडवाला और कार्तिक आर्यन चंदू चैंपियन के लिए एक मेगा प्लान लेकर आए हैं । और ये प्लान कार्तिक आर्यन को शाहरुख खान की लीग में ले आएगा ।

शाहरुख खान की तरह कार्तिक आर्यन करेंगे अपनी फ़िल्म का प्रमोशन
विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि कार्तिक आर्यन और साजिद नाडियाडवाला अगले हफ़्ते बुर्ज खलीफा पर अपनी फ़िल्म को प्रमोट करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं । एक ट्रेड सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “अगले हफ़्ते बुर्ज खलीफा पर चंदू चैंपियन की एक नई प्रॉपर्टी की घोषणा की जाएगी, जो आधिकारिक तौर पर रिलीज़ की उल्टी गिनती शुरू कर देगी । वास्तव में, कार्तिक आर्यन दुनिया की सबसे ऊँची इमारत पर एक नए बुकिंग पोस्टर के साथ एडवांस बुकिंग की शुरुआत की घोषणा करके अपने सभी प्रशंसकों को सरप्राइज़ देंगे ।”
दिलचस्प बात यह है कि बुर्ज खलीफा को स्टारडम का प्रतीक माना जाता है और कार्तिक आर्यन शाहरुख खान के बाद दुनिया की सबसे ऊँची इमारत पर अपनी फ़िल्म को इस तरह प्रमोट करने वाले दूसरे स्टार बन जाएंगे । “साजिद नाडियाडवाला चंदू चैंपियन की मार्केटिंग पर दिल खोलकर खर्च कर रहे हैं । ग्वालियर में ट्रेलर लॉन्च करने के लिए करोड़ों खर्च किए गए, वहीं चंदू चैंपियन के दुबई इवेंट में एक बड़ी रकम निवेश की जाएगी । कार्तिक बुर्ज ख़लीफ़ा पर अपनी फ़िल्म को प्रमोट करना चाहते थे और एक बड़े दिल वाले निर्माता होने के नाते, साजिद पलक झपकते ही अपने हीरो की इच्छा पूरी करने के लिए सहमत हो गए ।” सूत्र ने हमें आगे बताया ।
साजिद नाडियाडवाला और कार्तिक आर्यन का रिश्ता यश चोपड़ा और शाहरुख खान जैसा बनता जा रहा है, क्योंकि यह जोड़ी लगातार साथ काम कर रही है और एक के बाद एक नई फ़िल्मों के लिए एक दूसरे के साथ सहयोग कर रही है । एक साथ दोनों की फ़िल्म सत्यप्रेम की कथा थी और अब चंदू पर चैंपियन दोनों की स्ट्रॉंग बाण्डिंग को दर्शाती है । साजिद-कार्तिक जोड़ी की अगली फिल्म विशाल भारद्वाज द्वारा निर्देशित अर्जन उस्तारा है।
















