सुपरनैचुरल और माइथोलॉजिकल जॉनर में जटाधरा के बाद निर्माता प्रेरणा अरोड़ा अब ज़ी स्टूडियोज़ के साथ एक और भव्य फिल्म लेकर आ रही हैं। यह उनकी लगातार दूसरी फिल्म होगी जो इस शैली में बनी है। अपने नए प्रोजेक्ट की घोषणा करते हुए प्रेरणा अरोड़ा ने कहा, “ज़ी स्टूडियोज़ हमेशा मेरे साथ मज़बूती से खड़ा रहा है । मेरी शुरुआत भी वहीं से हुई थी रुस्तम के साथ, जिसमें अक्षय कुमार सर थे। अब जटाधरा, जो तेलुगु और हिंदी में एक पावरफुल द्विभाषी फिल्म है, के साथ हमारा रिश्ता और मजबूत हुआ है।”

प्रेरणा अरोड़ा की एक और सुपरनैचुरल-माइथोलॉजिकल फिल्म
प्रेरणा ने अपने को-प्रोड्यूसर्स और टीम की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “एक फिल्ममेकर और प्रोड्यूसर के तौर पर अपनी आवाज़ और दृष्टि पाना बहुत ज़रूरी होता है और मैंने यह ज़ी स्टूडियोज़ के साथ काम करते हुए महसूस किया है । ये एक ऐसी टीम है जो अर्थपूर्ण और बड़े पैमाने के सिनेमा में विश्वास रखती है । श्री उमेश बंसल (सीईओ - ज़ी स्टूडियोज़) सिर्फ एक बिज़नेस लीडर नहीं, बल्कि ऐसे व्यक्ति हैं जो ऐसी कहानियों में यकीन करते हैं जो दर्शकों के दिलों तक पहुंचती हैं। उनका विज़न और स्पष्ट सोच हर सहयोग को रचनात्मक रूप से संतोषजनक बना देता है।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरी अगली फिल्म भी ज़ी स्टूडियोज़ के साथ है एक महत्वाकांक्षी पैन-इंडिया फिल्म, जो एक भव्य मिथोलॉजिकल यूनिवर्स को आगे बढ़ाएगी। मैं इस नई यात्रा के लिए बेहद उत्साहित हूं। फिलहाल यह फिल्म प्री-प्रोडक्शन स्टेज में है और अप्रैल 2026 तक फ्लोर पर जाएगी।”
















