एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह के भाई और एक्टर अमन प्रीत सिंह को ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया गया है । रिपोर्ट्स के मुताबिक़, हैदराबाद के कोकीन रैकेट में अमन प्रीत सिंह का नाम सामने आया है । इस मामले में अमन समेत 5 लोगों की गिरफ्तारी हुई है । तेलंगाना एंटी-नार्कोटिक्स डिपार्टमेंट ने इनके पास से हैदराबाद में बेचने के लिए लाई गई 2.6kg कोकीन बरामद की है । अमन प्रीत सिंह के अलावा इस लिस्ट में 30 लोगों के नामों का भी खुलासा हुआ है ।

रकुल प्रीत सिंह के भाई और एक्टर अमन प्रीत सिंह ड्रग्स मामले में गिरफ्तार
पुलिस ने मामले पर चर्चा करने के लिए सोमवार, 15 जुलाई को हैदराबाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी । उन्होंने पुष्टि की कि हाल ही में ड्रग तस्करी के मामले में अमन को गिरफ्तार किया गया था । हालांकि, अमन का नाम उन 13 लोगों की सूची में आया जिन्होंने ड्रग्स का सेवन किया था और उनके टेस्ट में वह पॉजिटिव पाए गए । मेडिकल के बाद इन पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा ।
साइबराबाद पुलिस की राजेंद्र नगर जोन के DCP श्रीनिवास ने बताया कि पुलिस ने एक फ्लैट पर छापा माररकर 5 लोगों को गिरफ्तार किया था । अमन के केस में पुलिस ने 199 ग्राम कोकीन, 2 पासपोर्ट, 2 बाइक और 10 सेल फोन जब्त किए हैं । ओनुओहा ब्लेसिंग, अजीज नोहाम अदेशोला, अल्ला सत्य वेंकट गौतम, सनाबोइना वरुण कुमार और मोहम्मद महबूब शरीफ को आरोपी तस्करों के रूप में गिरफ्तार किया गया है, जबकि डिवाइन एबुका सूजी और एजोनिली फ्रैंकलिन उचेन्ना फरार हो गए हैं।
रकुल प्रीत सिंह का ड्रग्स केस से कोई कनेक्शन नहीं
इससे पहले रकुल को पहले प्रवर्तन निदेशालय ने ड्रग्स मामले से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तलब किया था । प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बारे में पूछे जाने पर पुलिस ने कहा, “इस मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है, हम उनकी जांच नहीं कर रहे हैं, उनका नाम बेवजह घसीटने की जरूरत नहीं है, इसलिए हम इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे ।”
बता दें कि अमन एक स्ट्रगलिंग एक्टर हैं । वो कई म्यूजिक वीडियो में काम कर चुके हैं । उन्हें ट्रैवलिंग का काफी शौक है । अमन को लेकर हुए विवाद पर अभी रकुल और उनकी फैमिली के किसी भी मेंबर का रिएक्शन नहीं आया है ।
















