अगले हफ्ते यानी 14 अगस्त को बॉक्स ऑफिस पर दो बड़ी फ़िल्मों का बॉक्स ऑफिस मुकाबला देखने को मिलेगा जिसमें पहली है ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की वॉर 2 और दूसरी है रजनीकांत की मल्टीस्टारर फ़िल्म कुली जिसमें आमिर खान का एक्सटेंडेड कैमियो है । ये दोनों ही पैन इंडिया फ़िल्म है इसलिए अपनी-अपनी फ़िल्म को ज़्यादा से ज़्यादा स्क्रीन्स दिलाने की दौड़ शुरू हो गई है । अपनी फ़िल्मों को अच्छे से मार्केट करने के लिए जाने जाने वाले आमिर खान इसमें फुल एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं । भले ही रजनीकांत की कुली में उनका एक्सटेंडेड रोल हो और वो भी बिना किसी फीस के, लेकिन आमिर खान अब फिल्म की रिलीज़ स्ट्रैटेजी में खुलकर सामने आ गए हैं।

आमिर खान बन सकते हैं वॉर 2 के लिए ख़तरा ; 14 अगस्त को होने वाले बॉक्स ऑफिस मुकाबले में PVR-INOX पर रजनीकांत स्टारर कुली को प्रीमियम स्क्रीन्स दिलाने का बनाया दवाब

आमिर खान बन सकते हैं वॉर 2 के लिए ख़तरा

आमिर खान उत्तर भारत में कुली (हिंदी) की रिलीज़ को लेकर कमर कस चुके हैं । सूत्रों की मानें तो आमिर खान ने हाल ही में PVR-INOX के बॉस अजय बिजली को सीधे फोन किया और पूरे देश में कुली को प्रीमियम शोकेसिंग देने की ‘आक्रामक मांग’ रखी। यही नहीं, उन्होंने रजनीकांत स्टारर इस फिल्म के लिए उत्तर भारत में एक स्पेशल मार्केटिंग टाई-अप की भी पैरवी की। ये कॉल PVR-INOX की टीम के लिए चौंकाने वाला था, क्योंकि आमिर का इस फिल्म में कोई वित्तीय हित नहीं है।

बॉलीवुड हंगामा से जुड़े एक सूत्र ने बताया, “आमिर का इस तरह एक्टिव होना अप्रत्याशित था। उनके पास फिल्म में कोई स्टेक नहीं है, फिर भी उन्होंने इतनी बड़ी दखल दी।”

इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि ये सब दोस्ती से ज़्यादा बिज़नेस पॉलिटिक्स का हिस्सा है। क्योंकि आमिर की नजरें शायद वॉर 2 पर भी टिकी हैं — जो कि आदित्य चोपड़ा की यशराज फिल्म्स की अगली मेगा फ्रेंचाइज़ी है और जिसमें ऋतिक रोशन, जूनियर एनटीआर और कियारा आडवाणी नजर आएंगे। ऐसे में PVR-INOX दोनों दिग्गज प्रोडक्शन हाउसेज़ — यशराज फिल्म्स और सन पिक्चर्स — के बीच फंसता नज़र आ रहा है।

बताया जा रहा है कि अजय बिजली के साथ आमिर की पुरानी बॉन्डिंग और उनके ‘लास्ट-मिनट इंटरवेंशन’ की आदत इस बार वॉर 2 के लिए मुश्किलें पैदा कर सकती हैं।

जो रिलीज़ स्ट्रैटेजी सीधी-सादी होनी चाहिए थी, वो अब बन चुकी है एक पावर प्ले का मैदान — जहां ईगो, प्रभाव और विरासत की जंग खुलकर चल रही है। और हमेशा की तरह, बॉलीवुड में असली तमाशा पर्दे के पीछे शुरू होता है।

दिलचस्प बात ये भी है कि आमिर खान और जूनियर एनटीआर — दोनों ही दादासाहेब पर अलग-अलग फिल्में कर रहे हैं। ऐसे में पर्दे के पीछे की ये लड़ाई ऑनस्क्रीन टकराव से पहले ही तूल पकड़ चुकी है।