सुशांत पुजारी, जिन्हें ABCD, ABCD 2 और A Flying Jatt जैसी फिल्मों में उनके ऊर्जावान प्रदर्शन के लिए जाना जाता है, दो दशकों से भी अधिक समय तक मंच पर राज करने के बाद अब अभिनय की तीव्र दुनिया में कदम रख रहे हैं। अपनी कन्नड़ डेब्यू फिल्म वाइल्ड टाइगर सफारी में, जो VK Films के बैनर तले बनी है और जिसका निर्देशन KGF 1 & 2 के लेखक चंद्रमौली ने किया है, सुशांत फिल्म में खतरनाक खलनायक अमर शेट्टी की भूमिका निभा रहे हैं।

ABCD फेम डांसर-कोरियोग्राफर सुशांत पुजारी का कन्नड़ डेब्यू ; वाइल्ड टाइगर सफारी में बने खलनायक

सुशांत पुजारी का कन्नड़ डेब्यू

जब उनसे पूछा गया कि उन्हें यह रोल मिलने पर कैसा लगा, तो उन्होंने कहा, “सच कहूं तो मेरा पहला रिएक्शन नर्वसनेस और एक्साइटमेंट का मिला-जुला एहसास था, क्योंकि मैंने खुद कभी नहीं सोचा था कि मेरे अंदर यह पक्ष भी है। मैं एक शो कर रहा था जिसमें चंद्रमौली सर भी जज थे। मैंने उनसे पूछा, ‘सर, आपने मुझे अमर शेट्टी के लिए क्यों चुना?’ उन्होंने कहा, ‘सुशांत, जब भी तुम उस शो में बोलते हो, तुम्हारी ईमानदारी, आत्मविश्वास और मजबूती झलकती है  यही तो मैं इस किरदार में देखता हूं।’ मैं नर्वस था लेकिन उतना ही एक्साइटेड भी, क्योंकि अब तक मैंने ज्यादातर डांसिंग फिल्मों में काम किया है, फ्लाइंग जट्ट को छोड़कर। इसलिए यह प्रोजेक्ट मेरे लिए एक बिल्कुल अलग और रोमांचक सफर जैसा लगा।”

फिल्म की तैयारी के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया, “सच कहूं तो शुरुआत में मुझे समझ ही नहीं आ रहा था कि इस किरदार को कैसे अप्रोच करूं, क्योंकि मैंने पहले कभी ऐसा रोल नहीं किया था। चंद्रमौली सर ने मुझे पूरी प्रक्रिया के दौरान गाइड किया, और मैं उनसे लगातार नोट्स लेता रहा। साथ ही मैंने खुद भी रिसर्च की और सौरभ सर के साथ ट्रेनिंग ली। मैंने जो कुछ भी सीखा, उसे इस किरदार में डाला। जब मैंने खुद को इस रूप में देखा, तो मैं भी चौंक गया यह मेरे अंदर का एक नया शेड है, जिसे लोग देखकर हैरान रह जाएंगे।”

किरदार की बारीकियों में उतरते हुए और अपने अंदर के डांसर को पीछे छोड़ने की चुनौती के बारे में उन्होंने कहा, “यह काफी चुनौतीपूर्ण था क्योंकि मुझमें जो डांसर है, वो कभी पूरी तरह नहीं जाएगा। शूट के पहले दो दिनों तक मैं समझ नहीं पा रहा था कि अमर शेट्टी को कैसे निभाऊं। लेकिन जैसे-जैसे मैंने स्क्रिप्ट पढ़ी, बाकी किरदारों को देखा और दृश्यों को समझा, सब कुछ धीरे-धीरे अपनी जगह बैठ गया। चंद्रमौली सर ने कुछ रेफरेंसेस दिखाए और कहा, ‘किसी की नकल मत करो, बस खुद रहो।’ जब मैंने वो स्पेस पा लिया, तो सब कुछ नैचुरली आने लगा। कई बार मैं खुद भी अपने प्रदर्शन से डर गया, क्योंकि मैं उतना ही ब्रूटल और इंटेंस हो गया था।”

साउथ इंडस्ट्री के साथ अपने अनुभव और सीख पर उन्होंने कहा, “साउथ में काम करने का अनुभव शानदार रहा। वहां के लोग बेहद विनम्र और परिवार जैसा व्यवहार करते हैं। कोई चिल्लाता नहीं, कोई दबाव नहीं डालता — बल्कि वे आपको क्रिएटिव फ्रीडम देते हैं, ताकि आप अपनी परफॉर्मेंस को खुलकर एक्सप्लोर कर सकें। यही चीज़ मुझे चंद्रमौली सर और उनकी पूरी टीम में सबसे ज़्यादा पसंद आई। प्रोडक्शन हाउस ने मुझ पर पूरा भरोसा किया और इतना बड़ा मौका दिया। सच कहूं तो मैंने खुद को कभी ऐसे किरदार में नहीं देखा था, लेकिन उनके विश्वास ने मुझे आत्मविश्वास दिया कि मैं अपना बेस्ट दूं। शुरुआत में कठिन था, लेकिन अनुभव बेहद संतोषजनक रहा।”

अंत में, जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने इस फिल्म और किरदार से डेब्यू करने का फैसला क्यों लिया, तो उन्होंने कहा, “मैंने Wild Tiger Safari इसलिए चुनी क्योंकि मुझे इसकी कहानी बेहद पसंद आई। अमर शेट्टी का किरदार बहुत परतदार और गहराई से भरा हुआ है। मैं हमेशा एक्टर बनना चाहता था, सिर्फ ‘हीरो’ नहीं। इस किरदार ने मुझे अपने हर पहलू को इमोशनली, फिजिकली और मेंटली — एक्सप्लोर करने का मौका दिया। स्क्रिप्ट और डायलॉग्स कमाल के हैं, और KGF के राइटर के साथ काम करने का मौका भी बड़ा कारण था। शुरुआत में अमर शेट्टी का रोल इतना बड़ा नहीं था, लेकिन शूट के दौरान चंद्रमौली सर ने कहा कि मेरी परफॉर्मेंस देखकर उन्होंने किरदार को एक्सपैंड किया। मेरे लिए यह सबसे बड़ा कॉम्प्लिमेंट था।”

फिल्म में डेब्यूटेंट शिथिल पूजारी मेल लीड के रूप में नजर आएंगे, साथ में निमिका रत्नाकर और डांसर धर्मेश भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। यह नई और रोमांचक टीम दर्शकों को एक ताज़ा अनुभव देने का वादा करती है।