दो दिन पहले ही बॉलीवुड हंगामा ने सबसे पहले बताया था कि सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी की धड़क 2 का रिलीज के लिए सेंसर सर्टिफिकेट का इंतजार फ़ाइनली ख़त्म हो गया है । सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी की धड़क 2 को U/A 16+ रेटिंग के साथ कई सारे बदलाव करने का निर्देश दिया । और अब सेंसर सर्टिफिकेट मिलने के बाद मेकर्स ने धड़क 2 की ऑफिशियली रिलीज डेट अनाउंस कर दी है ।

धड़क 2 की रिलीज डेट अनाउंस
करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस और ज़ी स्टूडियो द्वारा बनाई गई धड़क 2 इसी साल 1 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । शाज़िया इकबाल द्वारा निर्देशित धड़क 2 असल में प्रशंसित तमिल फिल्म परियेरुम पेरुमल (2018) की रीमेक है । करण जौहर ने सोशल मीडिया पर धड़क 2 की ऑफिशियली रिलीज डेट अनाउंस की और लिखा, “मरने और लड़ने में से एक को चुनना हो... तो लड़ना। #Dhadak2 आ रही है सभी सिनेमाघरों में - 1st August 2025”
शाजिया इकबाल के डायरेक्शन में बनी धड़क-2 को आखिरकार 16 कट के बाद केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से U/A सर्टिफिकेट मिल गया है । सेंसर बोर्ड ने फ़िल्म में बहुत सारे बदलाव करवाएं हैं, जिसमें कई पॉलिटिकल डायलॉग, कुछ जाति सूचक शब्द है । धड़क 2 की कट लिस्ट की बात करें तो, उसमें, डायलॉग “3,000 साल का बैकलॉग सिर्फ़ 70 साल में पूरा नहीं होगा” को “सदियों पुराने भेदभाव का बैकलॉग सिर्फ़ 70 साल में पूरा नहीं होगा” से बदल दिया गया है। संयोग से, हाल ही में रिलीज़ हुई फ़िल्म फुले में भी एक संवाद था ‘3,000 साल पुरानी गुलामी’ और इसे बदलकर ‘कई साल पुरानी है’ कर दिया गया। दोनों फ़िल्में जातिगत अत्याचारों पर आधारित हैं।
फिर, डायलॉग “नीलेश (सिद्धांत चतुवेर्दी), ये कलम देख रहे हो....राज कर रहे हैं” को बदलकर “ये छोटा सा धक्कान पूरी कलम का थोड़ा सा हिस्सा है और बाकी के हैं हम; फिर भी हमारे सर पर बैठे हुए हैं क्यों” कर दिया गया। जातिसूचक शब्द 'चमार' और 'भंगी' को म्यूट कर दिया गया है और दोनों शब्दों को 'जंगली' से बदल दिया गया है। "धर्म का काम है" को "पुण्य का काम है" में बदल दिया गया। एक लंबे संवाद "सवर्णों की सड़क... हमें जला देते थे" को "न सड़के हमारी थी, न ज़मीन हमारी थी, न पानी हमारा था; यहाँ तक की ज़िंदगी भी हमारी नहीं थी; मरने की नौबत आई तो शहर आ गया" से बदल दिया गया।
सीबीएफसी ने 'ठाकुर का कुआँ' कविता के पाठ को भी सेंसर कर दिया। एक गीत में, संत तुलसीदास के एक दोहे को बदल दिया गया। तीन दृश्य कट भी किए गए। नीलेश पर पेशाब करने वाले एक किरदार के पाँच सेकंड के शॉट को सेंसर कर दिया गया। द हिंदू में प्रकाशित कट लिस्ट के अनुसार, 'कुत्ते का नीला रंग हटा दिया गया'। एक दृश्य जिसमें नीलेश के पिता को अपमानित किया जाता है, उसे भी कम कर दिया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, धड़क 2 का रन टाइम लगभग 146 मिनट है, यानी 2 घंटे 26 मिनट ।
















