एक बार फ़िर बॉलीवुड से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है जिसने चमचमाती फ़िल्मी दुनिया एक और पहलू सामने रख दिया है । बीते जमाने की अभिनेत्री गीता कपूर, जो मीना कुमारी अभिनीत फ़िल्म पाकीजा में अपने अहम भूमिका के लिए जानी जाती हैं, को उनका बेटा सिटी हॉस्पिटल में भर्ती करवा कर वहां से भाग गया और फ़िर कभी नहीं आया । इस घटना ने तब झकझोर कर रख दिया जब 58 वर्षीय अभिनेत्री गीता कपूर ने बताया कि उन्हें उनका बेटा पीटता भी था ।

मीडिया खबरों के अनुसार, गीता कपूर का बेटा राजा, जो खुद एक कॉरियोग्राफ़र है, अपनी मां गीता कपूर को मुंबई के गोरेगांव स्थित एसआरवी अस्पताल में अप्रैल 2017 में भर्ती करवा कर गया । गीता को ब्लड प्रेशर की समस्या के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जो कि एक प्राइवेट हॉस्पिटल है । जब उनके बेटे राजा को फीस जमा करने को कहा गया तो वह पैसे निकालने के लिए एटीएम ढूंढने के बहाने वहां से निकल गया और फिर कभी लौटकर नहीं आया । हालांकि, हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने गीता का ट्रीटमेंट जारी रखा, क्योंकि उनकी स्थिति काफी नाजुक बनी हुई थी । जब ये पता चला कि गीता कपूर का बॉलीवुड कनेक्शन है तो उनकी दर्दभरी कहानी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई ।

गीता कपूर ने एक अखबार को दिए अपने इंटरव्यू में कहा कि, उनका बेटा चार दिन में उन्हें एक बार खाना देता था । वह अपने बेटे राजा को उसकी अय्याशी के लिए छूट नहीं देतीं और इसलिए वह उन्हें पीटा करता था । उनके मुताबिक, वह उन्हें कमरे में बंद कर देता और चार दिनों में केवल एक बार खाना दिया करता। ऐक्ट्रेस ने आगे बताया कि उनपर उनका बेटा इसलिए टॉर्चर किया करता क्योंकि वह वृद्धाश्रम जाने को राजी नहीं थीं। उन्होंने कहा कि गीता ने कहा कि उन्हें कई दिनों तक खाना नहीं दिया गया जिससे उनकी सेहत गिरती गई।

खबरों के अनुसार, डॉक्टर्स जो गीता कपूर का इलाज कर रहे हैं, उन्होंने राजा को ढूंढने के लिए एंबुलेंस को भी भेजा लेकिन वो हाथ न आ सका । जब वे राजा के घर पहुंचे तब तक राजा घर छोड़ चुका था । जब उनके पड़ौसियों से पूछा तो पूछने पर पता चला कि उसने वह घर तीन महीने पहले किराए पर लिया था और मां को अस्पताल छोड़ने के कुछ घंटे बाद ही खाली कर दिया । इसके बाद उन्होंने उसे फ़ोन लगाया लेकिन 15 दिनों तक उनकी तरफ़ से कोई जवाब नहीं आया । राजा को सूचित किया गया कि गीता कपूर को छुट्टी दे दी जाएगी क्योंकि वह ठीक हो रही हैं और बिल राशि 1 लाख रुपये से ज्यादा थी । लेकिन फ़िर भी कोई जवाब नहीं आया ।

कथिततौर पर गीता की एक बेटी है, जो एयरहोस्टेस है और घर में बहू भी है। अस्पताल ने इनसे भी संपर्क साधने की कोशिश की। लेकिन सफलता नहीं मिली । इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस में इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज की ।