शाहिद कपूर और विजय सेतुपति की क्राइम थ्रिलर वेब सीरिज़ फर्जी को दर्शकों द्वारा खूब पसंद किया जा रहा है । क्रिटिक्स द्वारा भी इसे सराहा गया । नतीजतन फर्जी के डायरेक्टर राज निदिमोरु और कृष्णा डीके उर्फ़ राज एंड डीके ने फ़र्ज़ी 2 को लाने का फ़ैसला भी कर लिया है । राज एंड डीके सिटाडेल इंडिया और द फैमिली मैन सीज़न 3 के पूरा होने के बाद ही फ़र्ज़ी 2 पर काम शुरू करेंगे ।

फ़र्ज़ी 2 पर काम शुरू करेंगे राज एंड डीके
पिंकविला की एक रिपोर्ट के अनुसार, एक सूत्र ने कहा, “राज और डीके को इस बात का अंदाजा है कि वे सीजन 2 की कहानी को कैसे आगे बढ़ाना चाहते हैं, और (वे) जल्द ही स्क्रिप्ट लिखना शुरू कर देंगे । वे सीज़न 2 को लेकर उत्साहित हैं, और इसे बड़े पैमाने पर माउंट करने की योजना बना रहे हैं । यह कहानी को वहीं से आगे ले जाएगी जहां से उन्होंने सीजन एक में छोड़ा था । फ़िलहाल राज और डीके वरुण धवन स्टार Citadel पर फ़ोकस कर रहे हैं फिर उसके बाद मनोज बाजपेयी की द फैमिली मैन 3 पर काम शुरू करेंगे और उसके बाद ही वे फ़र्ज़ी 2 की शूटिंग शुरू करेंगे ।”
D2R फिल्म्स द्वारा निर्मित और राज एंड डीके द्वारा रचित, फ़र्ज़ी शाहिद और विजय सेतुपति दोनों का डिजिटल डेब्यू है । इसमें शाहिद और विज़य के अलावा राशि खन्ना, के के मेनन, भुवन अरोरा, रेजिना कैसेंड्रा और अमोल पालेकर भी प्रमुख भूमिकाएं हैं । यह क्राइम थ्रिलर एक ठग कलाकार सनी (शाहिद) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो नक़ली नोट बनाकर खुद को अपराध की अंधेरी दुनिया में फंसा हुआ पाता है । लेकिन स्पेशल टास्क फोर्स अधिकारी, विजय सनी को उसके मक़सद में कामयाब नहीं होने देता ।डी2आर फिल्म्स द्वारा निर्मित यह सीरीज 10 फरवरी 2023 से भारत और 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो चुकी है ।
















