
जैसा की हम सभी को पता है कि शाहरुख खान जल्द ही अपनी आगामी फ़िल्म, जो कि इम्तियाज अली द्दारा निर्देशित की गई है, जब हैरी मेट सेजल में एक टूरिस्ट गाइड के किरदार में नजर आएंगे । एक टूरिस्ट गाइड के उनके चरित्र के साथ तालमेल रखते हुए, 'जोधपुर पर्यटक गाइड एसोसिएशन ऑफ राजस्थान' ने अब शाहरूख खान को एक मानद सदस्यता दी है ।
फिल्म जब हैरी मेट सेजल में शाहरुख गाइड की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे और अब उन्हें असल जीवन में पर्यटक गाइड एसोसिएशन की मानद सदस्यता से सम्मानित किया गया है । एसोसिएशन उन्हें एक तमगा और एक सदस्यता-पत्र प्रदान करेगा । संगठन ने शाहरुख से यह सदस्यता स्वीकार करने की गुजारिश की और जोधपुर आने का आग्रह भी किया । शाहरुख इस सम्मान से काफी खुश एवं भावुक हैं और जल्द ही जोधपुर पर्यटक गाइड एसोसिएशन से मिलने की योजना बना रहे हैं । इस बारें में बात करते हुए रतन सिंह राठौर (प्रेसिडेंट-जोधपुर पर्यटन गाइड एसोसिएशन) ने कहा कि, शाहरुख खान को उनके 'जोधपुर पर्यटक गाइड एसोसिएशन' में मानद सदस्यता देने के लिए वे बेहद उत्साहित थे । उन्होंने आगे कहा कि उनकी मेजबानी करना सम्मान की बात है । शाहरुख खान एक पर्यटक गाइड की नौकरी को एक पहचान देंगे और यह एक गर्व की बात है ।
रेड चिलीज एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत, जब हैरी मेट सेजल को इम्तियाज अली द्दारा निर्देशित किया गया है । इस फ़िल्म में शाहरुख खान पंजाबी हरिंदर सिंह नेहरा के किरदार में और अनुष्का शर्मा एक गुजराती लड़की सेजल पारीख के किरदार में नजर आएंगी । यह फ़िल्म 4 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















