गदर 2 की अपार सफलता ने एक बार फिर से बॉलीवुड की कल्ट क्लासिक फ़िल्मों के सीक्वल की डिमांड बढ़ा दी है । और इस डिमांड में सबसे पहले नाम आता है फ़िल्ममेकर जेपी दत्ता और सनी देओल की फ़िल्म बॉर्डर का । दर्शकों की भारी डिमांड पर अब सुनने में आ रहा है कि, जेपी दत्त और सनी देओल ने 26 साल बाद बॉर्डर के सीक्वल के लिए हाथ मिलाया है । बता दें कि बॉर्डर से पहले जेपी दत्त और सनी देओल ने यतीम और क्षत्रिय में साथ काम किया था ।

सनी देओल लेकर आ रहे हैं बॉर्डर का सीक्वल
लेकिन इस बार बॉर्डर के सीक्वल में एक ट्विस्ट है और वो है कि, बॉर्डर 2 का पहली वाली बॉर्डर से कोई कनेक्शन नहीं होगा । क़रीबी सूत्र ने इस बारें में बताया, “बॉर्डर का सीक्वल पूरी तरह से एक अलग फ़िल्म होगी जिसमें सनी देओल एक बार फिर सैनिक के किरदार में नज़र आएंगे । और इस फ़िल्म में इस बार उनके साथ लीड रोल में आयुष्मान खुराना, सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी और पंजाबी एक्टर एमी विर्क भी नज़र आएंगे ।”
दिलचस्प बात यह है कि यह भी कहा जा रहा है कि आयुष्मान खुराना से पहले बॉर्डर 2 कार्तिक आर्यन को ऑफ़र की गई थी लेकिन उन्होंने इसे करने से इंकार कर दिया था जिसके बाद आयुष्मान को कास्ट किया गया । वहीं बॉर्डर 2 अहान शेट्टी की डेब्यू फ़िल्म तड़प के बाद दूसरी फ़िल्म होगी । पंजाबी स्टार एमी विर्क, जिन्होंने इससे पहले कई हिंदी फ़िल्मों को न कहा लेकिन बॉर्डर 2 के लिए तुरंत हामी भर दी है ।
















