सिनेमाघरों में अपनी गहरी छाप छोड़ने के बाद, कांतारा: ए लीजेंड चैप्टर 1 अब ओटीटी पर दस्तक देने जा रही है। यह फिल्म 31 अक्टूबर को अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। फिलहाल प्लेटफॉर्म पर इसका ओरिजिनल कन्नड़ वर्जन और डब्ड तमिल, तेलुगू और मलयालम वर्जन उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि फिल्म का हिंदी वर्जन एक महीने बाद डिजिटल रूप से रिलीज़ किया जाएगा। इस बीच, फिल्म के डिजिटल डील को लेकर बॉलीवुड हंगामा के पास एक दिलचस्प जानकारी सामने आई है।

कांतारा: ए लीजेंड चैप्टर 1 के लिए करोड़ों की OTT डील
एक सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “कांतारा: ए लीजेंड चैप्टर 1 के मेकर्स ने फिल्म की लोकप्रियता को देखते हुए ओटीटी राइट्स के लिए 125 करोड़ रुपये की मांग की थी। उन्होंने सबसे पहले नेटफ्लिक्स से संपर्क किया, जिसने 100 करोड़ रुपये ऑफर किए। वहीं, अमेज़न प्राइम वीडियो ने बेहतर डील दी और 110 करोड़ रुपये में स्ट्रीमिंग राइट्स हासिल कर लिए। इसी तरह फिल्म प्राइम वीडियो पर पहुंची।”
यह डील कन्नड़ फिल्मों के लिए अब तक की दूसरी सबसे बड़ी ओटीटी डील मानी जा रही है। इससे पहले, केजीएफ: चैप्टर 2 (2022) ने डिजिटल राइट्स के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक का सौदा किया था। दिलचस्प बात यह है कि केजीएफ और कांतारा दोनों ही फ्रेंचाइज़ी होम्बले फिल्म्स के बैनर तले बनी हैं, जिसने कन्नड़ सिनेमा को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई है।
पहली फिल्म कांतारा में ऋषभ शेट्टी, सप्तमी गौड़ा, किशोर और अच्युत कुमार प्रमुख भूमिकाओं में थे। कहानी एक बेफिक्र नौजवान की है, जो कर्नाटक के एक जंगल में रहता है और तब एक नायक बनता है जब एक लालची ज़मींदार, जो खुद को गाँव वालों का शुभचिंतक बताता है, उनके पवित्र भूमि पर कब्ज़ा करने की कोशिश करता है। गाँववाले पंजुरली नामक अर्धदेवता के भक्त हैं, जो जंगल और उसके लोगों की रक्षा करता है । यही तत्व फिल्म की आत्मा है।
गौरतलब है कि कांतारा: ए लीजेंड – चैप्टर 1 में ऋषभ शेट्टी के साथ रुक्मिणी वसंथ, गुलशन देवैया और जयाराम नज़र आए हैं । यह फिल्म पहले भाग में दिखाए गए पौराणिक परंपरा और पैतृक संघर्ष की जड़ों को और गहराई से खोजने का प्रयास करती है। दोनों ही फिल्मों का निर्देशन ऋषभ शेट्टी ने किया है। खास बात यह है कि कांतारा: ए लीजेंड – चैप्टर 1 के अंत में मेकर्स ने इसके अगले भाग कांतारा: ए लीजेंड – चैप्टर 2 भी अनाउंस कर दी है ।
















