रणबीर कपूर और यश की रामायण के इंट्रोडक्शन वीडियो ने फ़िल्म को लेकर बहुत उम्मीदें जगा दी हैं । इसी बीच बॉलीवुड हंगामा को एक्सक्लूसिव जानकारी मिली है कि नितेश तिवारी के निर्देशन में ग्लोबल स्टेंडर्ड पर बनाई जा रही रामायण भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी फिल्म है।

600 करोड़ रु के बजट में बन रही रणबीर कपूर-यश की रामायण बनी भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी फिल्म

रामायण सबसे महंगी फिल्म बनी

निर्माता नमित मल्होत्रा से जुड़े विश्वसनीय सूत्रों ने पुष्टि की है कि रामायण फ्रैं चाइज़ी को 1600 करोड़ रुपये के बजट पर डिजाइन किया जा रहा है — जिसमें प्रिंट और पब्लिसिटी का खर्च शामिल नहीं है । सूत्रों के मुताबिक, “रामायण पार्ट 1 का बजट 900 करोड़ रुपये रखा गया है, जबकि पार्ट 2 तुलनात्कमरूप से कम — 700 करोड़ रुपये में बनाया जा रहा है । इसका कारण है कि पहले भाग में वर्ल्ड-बिल्डिंग, सेट डिजाइन और कैरेक्टर डेवलपमेंट जैसे एसेट्स पर भारी निवेश किया जा रहा है, जिससे दूसरे भाग के लिए केवल एक्शन सीक्वेंस और प्लॉट एडवांसमेंट बचता है । इन एसेट्स और सेट्स को दूसरी फिल्म में दोबारा उपयोग में लाया जाएगा ।”

सूत्र ने आगे बताया कि नमित मल्होत्रा इस प्रोजेक्ट को दो हिस्सों में नहीं देख रहे, बल्कि पूरे 1600 करोड़ का निवेश रामायण फ्रैंचाइज़ी पर मान रहे हैं । “रामायण, मल्होत्रा फैमिली का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है और वे इसे गर्व के साथ पेश कर रहे हैं। टीम को पूरा भरोसा है कि यह निवेश न सिर्फ रिकवर होगा, बल्कि इससे प्रॉफिट भी कमाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य वर्ल्ड ऑडियंस को टारगेट करना है और ऐसा करने के लिए ग्लोबल स्तर की विजुअल क्वालिटी देना बेहद ज़रूरी है,” सूत्र ने बताया।

रामायण में रणबीर कपूर और यश के अलावा साईं पल्लवी और सनी देओल भी अहम किरदारों में नज़र आएंगे। इस फ़िल्म का फर्स्ट पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 को रिलीज होगा ।