25 फ़रवरी को रिलीज हुई आलिया भट्ट की बहुप्रतिक्षित फ़िल्म गंग़ूबाई काठियावाड़ी सिनेमाघरों में धूम मचा रही है । फ़िल्म को हर जगह से पॉजिटिव प्रतिक्रिया मिल रही है । नतीजतन फ़िल्म का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन रिकॉर्ड स्तर पर दर्ज हो रहा है । संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी गंगूबाई काठियावाड़ी ने उम्मीदों को पार कर रिकॉर्ड ओपनिंग की । गंग़ूबाई काठियावाड़ी अपने पहले वीकेंड 39.12 करोड़ रु की शानदार कमाई करने में कामयाब हुई ।

आलिया भट्ट की गंग़ूबाई काठियावाड़ी ने बनाया रिकॉर्ड
महामारी के दौर में लोग थिएटर तक फ़िल्म देखने आएंगे या नहीं, इस पर असमंजस था लेकिन दर्शकों को तो मानों फ़िल्म का बेसब्री से इंतजार था, इसलिए जैसे ही फ़िल्म थिएटर में लगी, भारी संख्या में लोग थिएटर तक फ़िल्म देखने आए और इस तरह से फ़िल्म ने अपनी रिलीज के पहले वीकेंड रिकॉर्ड कमाई की ।
फिल्म ने रविवार को लगभग 17 प्रतिशत की छलांग लगाई है । रविवार को फिल्म ने 15 करोड़ से ज्यादा की कमाई की । जिसके साथ वीकेंड पर गंगूबाई काठियावाड़ी की कुल कमाई 38.82 करोड़ हो गई है । यानी, कोरोना वायरस के बीच भी संजय लीला भंसाली की फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है ।
ये कहना गलत नहीं होगा कि, संजय लीला भंसाली और आलिया भट्ट लोगों को फ़िर से भारी संख्या में थिएटर में लाने में कामयाब हुए । हालांकि आलिया की गंग़ूबाई काठियावाड़ी को साउथ की अजित स्टारर तमिल फिल्म वलीमाई और पवन कल्याण की तेलुगु फिल्म भीमला नायक से बॉक्स ऑफ़िस मुकाबला करना पड़ रहा है ।
















