दीपिका पादुकोण का बैक-टू-बैक दो फिल्मों संदीप रेड्डी वांगा निर्देशित स्पिरिट और मैथ्री मूवीज़ मेकर्स की प्रभास स्टारर कल्कि 2898 AD के सीक्वल से अचानक बाहर होने ने सभी को चौंका दिया । दीपिका पादुकोण की मेकर्स से कथित आठ घंटे की वर्क शिफ्ट की मांग ने एक नई बहस छेड़ दी । इसी बीच कहा जाने लगा कि, मेकर्स दीपिका से इतने नाराज हैं कि उन्होंने कल्कि 2898 AD के एंड क्रेडिट से दीपिका पादुकोण का नाम ही हटा दिया है । और अब बॉलीवुड हंगामा ने इस खबर की सच्चाई का पता लगाया है ।

कल्कि 2898 AD के एंड क्रेडिट से दीपिका पादुकोण ग़ायब ?
इस खबर की सच्चाई जानने के लिए बॉलीवुड हंगामा ने फिल्म के उन वर्ज़नों की जांच की जो प्रमुख ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध हैं। जांच में पाया गया कि फिल्म के हिंदी वर्ज़न जो नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहा है में दीपिका पादुकोण का नाम पहले हटा दिया गया था लेकिन अब फिर से रिस्टोर कर दिया गया है । वहीं, फिल्म के अन्य चार भाषा वर्ज़न कन्नड़, तमिल, तेलुगु और मलयालम जो फिलहाल अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहे हैं, उनमें दीपिका का नाम अब भी क्रेडिट्स में शामिल है ।
इस घटनाक्रम ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएँ पैदा कर दी हैं, लेकिन न तो दीपिका पादुकोण और न ही प्रोडक्शन हाउस ने अब तक इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है।
गौरतलब है कि सितंबर 2025 में वैजयंती मूवीज़, जो कल्कि 2898 AD का निर्माण कर रही है — ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए पुष्टि की थी कि दीपिका पादुकोण फिल्म के सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी। प्रोडक्शन हाउस ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था, “यह आधिकारिक रूप से घोषणा की जाती है कि @deepikapadukone आगामी सीक्वल #Kalki2898AD का हिस्सा नहीं होंगी। गहन विचार-विमर्श के बाद हमने अलग होने का फैसला किया है। पहली फिल्म की लंबी यात्रा के बावजूद, हम एक मजबूत साझेदारी नहीं बना सके। और कल्कि 2898 AD जैसी फिल्म को उस प्रतिबद्धता और उससे भी अधिक की आवश्यकता है। हम दीपिका को उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स के लिए शुभकामनाएँ देते हैं।”
गौरतलब है कि दीपिका पादुकोण का किरदार SUM-80 फिल्म की कहानी के केंद्र में था। कथा उसी और उसके गर्भस्थ बच्चे के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे भगवान विष्णु के अंतिम अवतार ‘कल्कि’ के रूप में जन्म लेने की भविष्यवाणी की गई है।
















