साल 2024 में तीन फ़िल्में देने वाले अक्षय कुमार की चौथी फ़िल्म स्काई फोर्स 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली थी लेकिन अब ऐसा नहीं हो पाएगा । बॉलीवुड हंगामा ने सबसे पहले यह खबर दी कि अक्षय कुमार की फिल्म स्काई फोर्स 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ नहीं हो पाएगी  । इसके बाद क़यास लगाए जाने लगे कि फिर अक्षय कुमार अपनी फ़िल्म स्काई फोर्स को कब रिलीज करेंगे । तो अब इन क़यासों के बीच बॉलीवुड हंगामा के पास अक्षय कुमार की स्काई फोर्स की नई रिलीज डेट आ गई है जिसका ऑफ़िशियल अनाउंसमेंट जल्द ही मेकर्स द्वारा किया जाएगा ।

EXCLUSIVE: इस साल तीन फ़िल्में देने वाले अक्षय कुमार की चौथी फ़िल्म स्काई फोर्स अब इस साल रिलीज नहीं होगी ; हिट देने की परंपरा को बरकरार रखने के लिए लॉक की 2025 की ये लकी डेट

अक्षय कुमार की स्काई फोर्स को मिली नई रिलीज डेट

बॉलीवुड हंगामा को पता चला है कि निर्माताओं ने स्काई फोर्स की रिलीज़ डेट फ़ाइनली लॉक कर दी है । एक सूत्र ने हमें बताया, “स्काई फोर्स 24 जनवरी, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । यह गणतंत्र दिवस के दौरान रिलीज़ होगी और यह रिलीज़ का एकदम सही समय है क्योंकि यह देशभक्ति से भरपूर मनोरंजक फ़िल्म है । जल्द ही इसका ऑफ़िशियल अनाउंसमेंट कर दिया जाएगा ।”

ऐसी अफवाहें थीं कि स्काई फोर्स का प्रोमो स्वतंत्रता दिवस पर रिलीज़ होने वाली स्त्री 2 से जोड़ा जाएगा । ऐसा इसलिए क्योंकि स्काई फोर्स की तरह स्त्री 2 भी जियो स्टूडियो और मैडॉक फिल्म्स द्वारा निर्मित है । लेकिन अक्षय कुमार अभिनीत फ़िल्म को स्थगित करने के निर्णय के बाद, टीज़र दिखाने का विचार छोड़ दिया गया ।

इसका मतलब यह भी है कि 2024 में अब अक्षय कुमार की कोई और फिल्म रिलीज़ नहीं होगी। इस साल उनकी तीन फ़िल्में रिलीज़ हुई हैं - बड़े मियाँ छोटे मियाँ, सरफ़िरा और खेल खेल में। 15 अगस्त को रिलीज़ हुई खेल खेल में ने स्त्री 2 से बॉक्स ऑफिस मुक़ाबला किया । स्त्री 2 में भी अक्षय ने एक मज़ेदार कैमियो भी किया था ।

स्काई फ़ोर्स, अक्षय कुमार की गणतंत्र दिवस सप्ताह में छठी रिलीज़ होगी । इससे पहले उनकी पहली फ़िल्म सौगंध (1991) 25 जनवरी को रिलीज़ हुई थी । यह सप्ताह उनके लिए भाग्यशाली रहा है क्योंकि उनकी पिछली सभी गणतंत्र दिवस रिलीज़ जैसे एलान (1994), खाकी (2004), बेबी (2015) और एयरलिफ्ट (2016) बॉक्स ऑफ़िस पर सफल रही थीं । अब यह देखना बाकी है कि स्काई फ़ोर्स भी इस परंपरा को बरकरार रखती है या नहीं ।

अक्षय कुमार के अलावा, स्काई फ़ोर्स में सारा अली खान, वीर पहाड़िया और निमरत कौर भी अहम रोल में नज़र आने वाली हैं । इस ऐतिहासिक एरियल एक्शन थ्रिलर को मैडॉक फिल्म्स के दिनेश विजन और जियो स्टूडियोज की ज्योति देशपांडे ने बनाया है तथा इसका निर्देशन संदीप केवलानी और अभिषेक कपूर ने किया है ।