भले ही फ़िल्म का नाम पद्मावती से पद्मावत हो गया हो लेकिन दीपिका पादुकोण के किरदार पर ये लागू नहीं होता । वह फ़िल्म में अभी भी 'पद्मावती' ही कहलाएंगी । सीबीएफसी द्वारा दिए गए परिवर्तनों पर भ्रम को साफ करते हुए सीबीएफसी के एक सूत्र ने कहा है, ''चूंकि फिल्म के निर्माता दावा करते हैं कि उनकी फिल्म सूफी कवि मलिक मोहम्मद जायसी द्वारा रचित महाकाव्य पद्मावत पर अधारित है, और इसलिए हमें भी फ़िल्म का नाम बदलने के लिए कहा गया था । अन्यथा यह दीपिका पादुकोण के किरदार को जरा भी प्रभावित नहीं करता है । वह फ़िल्म में पद्मावती के नाम से ही पुकारी जाएंगी ।''

इस बीच पद्मवती टीम ने अभी तक सीबीएफसी की परीक्षा समिति द्वारा पूछे गए परिवर्तनों को स्वीकार नहीं किया है । ''हम अलग-अलग लोगों से इस पर विरोधाभासी खबरें सुनते हैं । जहां एक तरफ़ कुछ लोग यह कहते हैं कि भंसाली को ये बदलाव मंजूर हैं वहीं कुछ लोग यह कहते हैं कि भंसाली एक भी बदलाव के लिए मंजूर नहीं है और वह इसके लिए आखिरी दम तक लड़ेंगे ।'' सूत्र ने बताया ।