अहान पांडे और अनीत पड्डा की पहली बॉलीवुड फ़िल्म सैयारा बॉक्स ऑफिस पर आते ही छा गई है । यशराज फिल्म्स की हालिया रिलीज़ सैयारा ने वीकेंड पर ज़बरदस्त कलेक्शन दर्ज किया था, लेकिन हैरानी की बात यह है कि फिल्म का क्रेज़ सोमवार और मंगलवार को भी थमने का नाम नहीं ले रहा।जहां आमतौर पर फिल्मों की कमाई वीकेंड के बाद गिर जाती है, वहीं सैयारा इस ट्रेंड को चुनौती देती नजर आ रही है। सोमवार की एडवांस बुकिंग जबरदस्त रही और मंगलवार के लिए भी ऑक्यूपेंसी उम्मीद से कहीं ज़्यादा है।

सैयारा का जादू बरक़रार
दिलचस्प बात यह है कि यशराज फिल्म्स ने इंडस्ट्री ट्रेंड के खिलाफ जाकर सैयारा के लिए मंगलवार ऑफर लागू किया है, जिसके तहत दर्शकों को टिकट ₹99, ₹149 या ₹199 में मिल रहे हैं। बॉक्स ऑफिस एक्सपर्ट्स के मुताबिक, आमतौर पर हिट फिल्में इस ऑफर से दूर रहती हैं, जैसे हालिया ब्लॉकबस्टर रेड 2 और सितारे ज़मीन पर । लेकिन YRF का यह फैसला दर्शकों के लिए राहतभरा और समझदारी भरा माना जा रहा है।
एक ट्रेड एनालिस्ट ने कहा, “सैयारा का क्रेज़ इतना जबरदस्त है कि ऑफर के बिना भी मंगलवार को हाउसफुल शो चलते। लेकिन टिकट की क़ीमतें कम रखकर YRF ने दर्शकों को जेब पर असर डाले बिना सिनेमा का मज़ा लेने का मौका दिया है।”
सोमवार को देशभर के कई शहरों में सुबह के शो तक हाउसफुल रहे। नवी मुंबई के Cinepolis Seawoods में 8:20 और 9:00 बजे के शो लगभग फुल थे। नालासोपारा के PVR Capital Mall में भी यही हाल रहा। पूर्णिया (बिहार) के Roopbani Cinema में सोमवार के सभी शो पहले ही सोल्ड आउट हो चुके थे। जयपुर के Cinepolis WTP में 9:10 बजे का शो आधा और 10:00 बजे का शो लगभग पूरा भर चुका था। अहमदाबाद के Inox Himalaya Mall में 9:20 बजे का शो तेजी से फुल हो रहा था। बेंगलुरु के PVR Nexus (कोरमंगला) में 8:45 बजे का शो 80% तक भर चुका था।
मुंबई के एक मल्टीप्लेक्स के ड्यूटी मैनेजर ने बताया, “कोविड के बाद इतने स्ट्रॉन्ग सोमवार मॉर्निंग शो सिर्फ बड़ी फिल्मों में देखे गए हैं। सैयारा ने पुराने दौर की यादें ताज़ा कर दीं।”
गौरतलब है कि मंगलवार को ₹99 वाली सबसे सस्ती सीटें (आमतौर पर फ्रंट रो) सैयारा के लिए नहीं मिलेंगी, लेकिन दर्शकों को इससे खास फर्क नहीं पड़ा, क्योंकि बाकी सीटें भी वाजिब दामों पर उपलब्ध हैं।
अब सभी की नजरें बुधवार पर टिकी हैं—क्या सैयारा वहां भी ट्रेंड को तोड़ेगी ? ट्रेड पंडितों का मानना है कि यह फिल्म अपवाद बन सकती है।
















