बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन जल्द ही बॉलीवुड में 23 साल पूरे करने वाले हैं । 30 जून को रिलीज़ हुई फ़िल्म रिफ्यूजी से अपना फ़िल्मी करियर शुरू करने वाले अभिषेक बच्चन, पिछली बार वेब सीरिज़ ब्रीथ: इनटू द शैडोज़ के नए सीजन में नज़र आए थे और एक बार फिर उन्होंने अपनी एक्टिंग से हर किसी को इम्प्रैस कर दिया । लेकिन सिल्वर स्क्रीन पर अभिषेक बच्चन की कमी उनके फ़ैंस को काफ़ी खल रही है क्योंकि पिछले 5 सालों में अभिषेक की जो भी फ़िल्म आई वो डायरेक्ट ओटीटी प्लेटफ़ार्म पर ही रिलीज़ हुई जिसमें शामिल हैं- लूडो (2020), द बिग बुल (2021), बॉब बिस्वास (2021) और दसवीं (2022) । थिएटर में उनकी लास्ट फ़िल्म मनमर्जियां (सितंबर 2018) रिलीज़ हुई थी ।  

BREAKING: 5 सालों से थिएटर से दूर रहे अभिषेक बच्चन की 2023 और 2024 में कई फ़िल्में बड़े पर्दे पर होंगी रिलीज ; शूजीत सरकार की फ़िल्म में मिला लीड रोल

अभिषेक बच्चन ने साइन की  शूजीत सरकार की अगली फिल्म

लेकिन अब ऐसा नहीं होगा क्योंकि 2023 और 2024 में अभिषेक की ऐसी कई फ़िल्में आने वाली हैं जो थिएटर में रिलीज़ होंगी । हाल ही में ईटाइम्स से बातचीत में उन्होंने खुलासा किया कि वह जल्द ही शूजीत सरकार की अगली फिल्म में नज़र आने वाले हैं । उन्होंने यह भी बताया कि यह फ़िल्म  इसी साल अगस्त में फ्लोर पर जाएगी ।

दिलचस्प बात यह है कि शूजीत ने अभिषेक के पिता अमिताभ बच्चन के साथ कई बार काम किया है । दोनों गुजरात पर्यटन अभियान के लिए भी साथ काम कर चुके हैं । फिर शूजीत ने बिग बी को शूबाइट में निर्देशित किया, जो दुर्भाग्य से कभी रिलीज़ नहीं हो पाई । अमिताभ फ़िल्ममेकर शूजीत के साथ पीकू (2015) में काम कर चुके हैं । और अब शूजीत अमिताभ के बेटे अभिषेक के साथ फ़िल्म बनाने जा रहे हैं ।

अभिषेक बच्चन की अन्य रिलीज की बात करें तो उन्होंने SSS7 (2019) पूरी कर ली है। यह तमिल फिल्म ओथ्था सेरुप्पु साइज 7 का रीमेक है । इसके बाद आर बाल्की की घूमर आएगी, जिसमें सह-कलाकार सैयामी खेर और शबाना आज़मी होंगी ।

एक और तमिल रीमेक जिसका अभिषेक हिस्सा हैं वह है केडी (2019) । हिंदी रीमेक का शीर्षक बदले जाने की उम्मीद है । मूल की तरह, रीमेक का निर्देशन भी मधुमिता ने किया है, जबकि इसका निर्माण निखिल आडवाणी की एम्मे एंटरटेनमेंट द्वारा किया गया है । अंत में, अभिषेक ने हाल ही में एक फिल्म पूरी की है, जिसका निर्देशन रेमो डिसूजा ने किया है।  ऐसी अटकलें थीं कि इसका नाम डांसिंग डैड है और यह वही फिल्म है जिसे एक समय सलमान करने वाले थे । हालाँकि, हालिया रिपोर्टों से पता चलता है कि अभिषेक की फिल्म की स्क्रिप्ट बिल्कुल अलग है ।