1 नवंबर को, जब भूल भुलैया 3 की रिलीज़ को एक साल पूरा हुआ, उसी दिन अनीस बज्मी ने भूल भुलैया के चौथे पार्ट को कन्फर्म किया । अनीस बज्मी ने पहली बार बताया कि, भूल भुलैया 4 पर काम चल रहा है ।

भूल भुलैया 4 में कार्तिक आर्यन कन्फर्म
निर्देशक ने मुस्कराते हुए कहा, “आज मेरा बर्थडे है। मज़े की बात है कि भूल भुलैया 3 भी पिछले साल इसी दिन रिलीज़ हुई थी ये कोई प्लान नहीं था, बस संयोग था। एक साल बाद भी फिल्म दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाए हुए है, ये सबके लिए खुशी की बात है।”
बज्मी ने फिल्म के लीड स्टार कार्तिक आर्यन की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “बच्चे ने कमाल कर दिया। अगर भूल भुलैया नहीं होती, तो शायद दुनिया को उसकी कॉमिक टाइमिंग का अंदाज़ा नहीं लगता। मैं कार्तिक के साथ दो-तीन और कॉमेडीज़ की प्लानिंग कर रहा हूँ।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन फिल्मों में से एक भूल भुलैया 4 भी है, तो उन्होंने साफ कहा ,“बिलकुल! फिल्म पर काम चल रहा है। इस फ्रैंचाइज़ी को जो प्यार मिला है, वो बेमिसाल है। तो हाँ, ये बन रही है और अभी सिर्फ एक चीज़ कन्फर्म है: कार्तिक आर्यन।”
पिछले पार्ट को याद करते हुए अनीस ने कहा कि उनके लिए सबसे यादगार अनुभव माधुरी दीक्षित और विद्या बालन के साथ काम करना रहा। “दोनों लेजेंड्स हैं, लेकिन उन्होंने कभी ऐसा महसूस नहीं होने दिया। बेहद प्रोफेशनल, समयनिष्ठ और कोलैबोरेटिव थीं। उनके साथ काम करके बहुत मज़ा आया।”
क्या भूल भुलैया 4 में फिर से माधुरी और विद्या की वापसी होगी? इस पर बज्मी ने कहा, “हो भी सकती हैं! या फिर कोई नई एक्ट्रेस जो अब तक इस फ्रैंचाइज़ी का हिस्सा नहीं रही। देखिए, क्या होता है।”
अंत में अपने जन्मदिन की इच्छा बताते हुए निर्देशक ने कहा, “लोगों को एंटरटेन करता रहूँ, यही दुआ है। आज के तनाव भरे वक्त में अगर मैं किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सकूँ, तो यही सबसे बड़ी ब्लेसिंग है।”
















