/00:00 00:00

Listen to the Amazon Alexa summary of the article here

एक समय में हिंदी सिनेमा में डकैतों पर आधारित फिल्मों से संबंधित एक शैली की बहार आई थी । इस शैली में कई यादगार फ़िल्में बनी है और उनमें से है ये कुछ फ़िल्में हैं- मदर इंडिया [1957], गंगा जमुना [1961], बैंडिट क्वीन [1994], जिस देश में गंगा बहती है (1960], मेरा गांव मेरा देश [1971], चाइना गेट [ 1998] इत्यादि । वहीं कुछ ऐसी फ़िल्में भी आईं जो पूरी तरह से डकैतों पर बेस्ड नहीं थी लेकिन उनका डकैत किरदार काफ़ी लोकप्रिय हुआ और उनसे से कुछ थी, शोले [1975], लज्जा [2001] आदि । लेकिन हाल के समय में आई पान सिंह तोमर [2012] जिसमें डकैतों और उनके चंबल इलाके को दर्शाया गया है । और अब इसी शैली पर निर्देशक अभिषेक चौबे फ़िल्म लेकर आए है, सोनचिड़िया, जो कि चंबल की पृष्ठभूमि पर बेस्ड है । निंसदेह, अभिषेक एक अलग सिनेमा वाली मानसिकता से आते हैं और यह शुरुआत से ही जाना जाता है और ट्रेलर देखने के बाद ऐसा लगता है कि सोनचिड़िया यूजूअल कमर्शियल एंटरटेनर नहीं है । फ़िर भी, क्या सोनचिड़िया दर्शकों पर अपना प्रभाव डालने में कामयाब होती है या यह अपने प्रयास में विफ़ल होती है, आइए समीक्षा करते है ।

फ़िल्म समीक्षा : सोनचिड़िया

सोनचिड़िया, चंबल में बागियों के एक समूह की कहानी है । साल है 1975 । प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल घोषित कर दिया है । मान सिंह (मनोज वाजपेयी) इस बीच, चंबल में एक गिरोह का नेतृत्व करता है, जो कमोबेश कानूनविहीन है । वकील सिंह (रणवीर शौरी) और लखना (सुशांत सिंह राजपूत) इस गिरोह के महत्वपूर्ण सदस्य हैं । नए हथियारों की खरीद के लिए मान सिंह को पैसे की जरूरत है । लच्छू (जसपाल शर्मा) की एक टिप के आधार पर, मान सिंह और उसकी गैंग ब्रह्मपुरी गाँव में लूट करने आते है । इस गांव में एक शादी हो रही है, जिसमें दूल्हे को भारी मात्रा में सोना और नकदी मिलने वाली है । इसी सोने और धन को लूटने के लिए मान सिंह और उसका गिरोह विवाह स्थल पर पहुँच जाता है । हालांकि, वीरेंद्र गुर्जर (आशुतोष राणा) के नेतृत्व में पुलिस उसके लिए एक जाल बिछाकर उसकी गैंग पर हमला करती है । कड़े मुकाबले में मान सिंह और गिरोह के आधे लोग मारे जाते हैं । वकिल, लखना और अन्य भाग जाते हैं । अब गैंग का मुखिया वकील, लखना पर उन्हें धोखा देने और पुलिस को फोन करने का आरोप लगाता है । लखना को बागी की जिंदगी पसंद नहीं है इसलिए वह और उसके दो साथी आत्मसमर्पण करना चाहते है । इस बीच उनका सामना इंदुमती तोमर (भूमि पेडनेकर) से होता है । इंदुमती एक छोटी सी बच्ची सोनचिरैया (ख़ुशी), जिसे वह अपनी छोटी बहन बताती है, की मदद करने की उनसे अपील करती है क्योंकि उसके साथ बलात्कार हुआ है और अब उसे अस्पताल ले जाने की जरूरत है । वकील की गैंग लखना के कहने पर उसकी मदद करने के लिए राजी हो जाती है । वकील और उसकी गैंग एक मंदिर में माता का आशिर्वाद लेने के लिए रुकते है लेकिन वहीं इंदुमती का पति और उसका बेटा आ जाता है । यहां पता चलता है कि इंदुमति पर उसके ससुर की हत्या का आरोप लगा है और इसलिए वह बागियों की गैंग से इंदु को सौंपने के लिए कहते है । वकील राजी हो जाता है लेकिन लखना को ये सब सही नहीं लगता है । आगे क्या होता है, यह बाकी की फ़िल्म देखने के बाद पता चलता है ।

अभिषेक चौबे और सुदीप शर्मा की कहानी दिलचस्प और बहुत अच्छे से लिखी गई है । किरदारों को भी बहुत अच्छी तरह से बताया गया है । सुदीप शर्मा की पटकथा कथा को मनोरंजक बनाए रखने में मदद करती है । हालाँकि, कुछ घटनाओं को बेहतर ढंग से समझाया जाना चाहिए । बोली पहले से ही चीजों को समझना मुश्किल बना देती है । और इसके अलावा, कुछ ट्विस्ट इतने अचानक और त्वरित होते हैं कि दर्शकों को शायद इन्हें समझना मुश्किल हो जाता है । सुदीप शर्मा के डायलॉग काफ़ी शार्प और ज्वलनशील है ।

अभिषेक चौबे का निर्देशन कहानी और पृष्ठभूमि के साथ पूरा न्याय करता है । यह एक जटिल फिल्म है और अधिकांश मायने में, वह सफल होते है । जबकि इसके विपरीत, उन्हें कुछ स्लो मोशन शॉट्स को अवॉइड करना चाहिए था क्योंकि यह उतने आकर्षक नहीं है । इसके अलावा, इस तरह के बजट और पैमाने की एक फिल्म को निष्पादन की आवश्यकता होती है जो फिल्म को अधिक मुख्यधारा और वाणिज्यिक बनाती है । सोनचिड़िया हालांकि, कुछ चुनिंदा दर्शकों के लिए है । इश्किया [2010] से डेढ़ इश्किया [2014] तक, फ़िर उड़ता पंजाब [2016] और अब सोनचिड़िया, अभिषेक लगातार ऐसे कठिन विषयों को अच्छे से हैंडल करने में महारथ हासिल कर चुके है ।

सोनचिड़िया का इंट्रो सीन एक सांप की लाश पर दावत उड़ाती मक्खियों का है । इस सीन का क्लोज-अप शॉट काफी रक्तरंजित है और यह स्पष्ट करता है कि फ़िल्म की आगे की कार्यवाही को देखने के लिए बड़ा जिगर होने की जरूरत है । इसके अलावा फ़िल्म की भाषा भी काफ़ी कटु है । बुंदेलखंडी बोली, फ़िल्म की सेटिंग, किरदारों को समझने में बस कुछ ही मिनट लगते है । इसके बाद फ़िल्म में आप बंध से जाते हो । शादी के सीन के दौरान जो पागलपन पनपता है, वह काफी बांधे रखने वाला है । और डॉक्टर के घर पर होने वाली फ़ाइट भी ऐसी ही है । इंदुमती और सोनचिरैया की एंट्री ड्रामा और तनाव में इजाफा करती है । जब मंदिर में इंदुमती का पति आ जाता है वहां से फ़िल्म की कहानी और शार्प हो जाती है । इंटरवल के बाद फिल्म थोड़ी बिखर जाती है । फ्लैशबैक हिस्सा, हालांकि बहुत महत्वपूर्ण है, लेकिन बहुत ही लंबा है । एक बिंदु तक, यह थोड़ा दोहरावदार लगता है क्योंकि दर्शकों ने फ़र्स्ट हाफ़ में इसी तरह की कार्रवाई और नाटकीय दृश्यों को देखा है । लेकिन जिस तरह से यह समाप्त होता है वह एक झटका है । बेनी राम के घर में भी यह सीक्वंस समझ के परे लगता है । फुलिया के एंट्री सीन में भी ऐसा ही कुछ होता है जिससे रूची और बढ़ जाती है । फ़ाइनल में कई सारे हैरान कर देने वाले ट्विस्ट है । हालाँकि, बहुत सारे किरदार हैं और फिल्म में बहुत सारी चीजें घटित होती हैं । परिणामस्वरूप, कुछ घटनाक्रमों को समझना कठिन हो सकता है । फिल्म में अत्यधिक हिंसा और गालियाँ भी हैं ।

इस तरह की फिल्म में अभिनय करना काफ़ी कठिन काम है । सुशांत सिंह राजपूत का एंट्री सीन ऐसा है कि आप शायद उन्हें नोटिस भी नहीं कर पाएं, क्योंकि वह गिरोह के अन्य सदस्यों के बीच खड़े हैं और एकदम उनके जैसे ही दिखते हैं । खुद को शो करने के लिए वह कोई कोशिश भी नहीं करते है । यह अपने आप में काफी सराहनीय है । निश्चित रूप से बाद में, वह छा जाते हैं और एक बार फिर से यह साबित कर देते हैं कि वह सबसे बेहतरीन अभिनेताओं में से एक है । उस सीन में वह काफ़ी प्यारे लगते हैं जब वह अपना जादू दिखाते है । भूमि पेडनेकर की एंट्री फ़िल्म में काफ़ी लेट होती है लेकिन एक बार जब वह कहानी में समाती है तो अपनी अदायगी से छा जाती है । वह काफ़ी सराहनीय परफ़ोरमेंस देती है । मनोज बाजपेयी ने अपनी विशेष उपस्थिति में सभी को पछाड़ दिया । इच्छा होती है कि उनकी थोड़ी और लंबी भूमिका होती । रणवीर शौरी भी शानदार परफ़ोर्मेंस देते है । क्लाइमेक्स से पहले लच्छू के साथ उनके टकराव के दौरान उनका अभिनय देखने लायक है । असल में उनका किरदार चित्रण और जिस तरह से आगे बढ़ता है, वह फिल्म का एक महत्वपूर्ण आर्क है । आशुतोष राणा की आँखें बहुत बातें करती हैं और हमेशा की तरह प्रभावशाली हैं । ख़ुशीया के पास शायद ही कोई संवाद हो लेकिन वह बहुत महत्वपूर्ण हिस्सा है क्योंकि वास्तव में, फिल्म का नाम उसके किरदार के नाम पर रखा गया है । लेकिन वह अपनी खामोशी से अमिट छाप छोड़ती है । हेतल (छोटी गुर्जर लड़की) भी ऐसी ही है, जो लखना और मान सिंह का शिकार करती है । उनके हाव-भाव काफ़ी डरावने है । संपा मंडल (फूलिया) भयानक है और फिल्म का एक सरप्राइज है । वह वास्तविक जीवन के डकैत फूलन देवी पर आधारित भूमिका निभाती हैं और वह इसे शानदार ढंग से निभाती हैं । गिरोह के सदस्यों में से राम दिवाकर (नत्थी), मुकेश गौर (शीतला), महेश बलराज (भूर) और अभिमन्यु अरुण (बालक राम) शानदार हैं । अन्य कलाकार जो अच्छा करते हैं, वे हैं जसपाल शर्मा, वी के शर्मा (पुजारी), देव चौहान (बेनी राम), विजय कुमार डोगरा (डॉ भदौरिया), अश्विनी मिश्रा (गोपाल) और कुमार (लल्ला) ।

विशाल भारद्वाज का संगीत जाहिर तौर पर चार्टबस्टर किस्म का नहीं है । हालाँकि, कोई भी गीत यादगार नहीं है लेकिन वे फिल्म के संदर्भ में अच्छा काम करते हैं । 'बागी रे' और 'रुआन रुआन' अच्छे हैं । 'सोनचिरैया' को अच्छी तरह से प्लेस और शूट किया गया है । 'नैना ना मार' और 'सांप खावेगा’ भूलने योग्य हैं । नरेन चंदावरकर और बेंडिक्ट टेलर की पृष्ठभूमि स्कोर सूक्ष्म और प्रभावशाली है ।

अनुज राकेश धवन की सिनेमैटोग्राफी शानदार है और सूखे इलाके को शानदार तरीके से कैप्चर करती है । बर्ड-आई शॉट्स भी अच्छी तरह से कैप्चर किए गए हैं । एंटन मून और सुनील रोड्रिग्स के एक्शन वास्तविक और रक्तरंजित है । इसमें बहुत अधिक खूनखराबा और हिंसा है लेकिन फ़िर भी इस शैली की फ़िल्म के लिए यह आवश्यक है । रीता घोष का प्रोडक्शन डिजाइन प्रामाणिक है । दिव्या और निधि गम्बीर की वेशभूषा उस युग के एकदम अनुकूल है । श्रीकांत देसाई का मेकअप तारीफ़ के काबिल है । कोई भी एक्टर ग्लैमरस नहीं दिखता है । मेघना सेन का संपादन सरल और अस्वाभाविक है । हालाँकि, सेकेंड हाफ में फ्लैशबैक सीक्वंस को खींचा गया है जबकि इसे छोटा किया जा सकता था ।

कुल मिलाकर, सोनचिड़िया दमदार कहानी और जबरदस्त परफ़ोर्मेंस, जो इसकी खासियत है, के साथ अच्छे से बनाई गई और अच्छी तरह से शूट की गई फिल्म है । बॉक्स ऑफिस पर, इसकी संभावनाएं सीमित रहेंगी क्योंकि यह अलग प्रकार के मल्टीप्लेक्स दर्शकों को ही आकर्षित करेगी ।