Lisa-Haydon

कुछ महीने पहले, निर्माता अभिषेक पाठक आपनी हिट फ़िल्म अतिथि तुम कब जाओगे के सीक्वल अतिथि इन लंदन की शूटिंग शुरू करने वाले थे । इस फ़िल्म में प्यार का पंचनामा के हीरो कार्तिक आर्यन और लीजा हेडन को मुख्य भूमिका में लेने का ऐलान किया गया । लेकिन तभी कहानी में एक मोड़ आया और खबर आई की फ़िल्म के निर्माता अभिषेक पाठक और फ़िल्म की हीरोइन लीजा हेडन के बीच कुछ ठीक नहीं चल रहा है इसलिए फ़िल्म में बहुत बड़ी रुकावट आ गई है ।

हाउसफ़ुल 3 की अभिनेत्री लीजा हेडन ने सोशल मीडिया पर हाल ही में अपने ब्वॉयफ्रेंड डीनो लालवानी से सगाई का ऐलान किया । जल्द ही शादी के बंधन में बंधने के ऐलान करने के साथ ही लीजा ने अभिषेक पाठक की फ़िल्म अतिथि इन लंदन से भी निकलने का फ़ैसला कर लिया । लीजा ने ये ऐलान फ़िल्म की शूटिंग शुरु होने से ठीक 10 दिन पहले किया । निर्माता अभिषेक पाठक ने बताया कि उन्हें हाल ही उनकी टैलेंट मैनेजमेंट एजेंसी के जरिए एक फ़ोन आया कि लीजा इस फ़िल्म में काम नहीं करना चाहती हैं । हालांकि, सही कारणों का तो नहीं पता, लेकिन पाठक ये कयास लगा रहे हैं कि लीजा ने ये फ़ैसला अपनी शादी को देखते हुए लिया होगा । जाहिरतौर पर पाठक लीजा के इस अनप्रोफ़ेशनल रवैये से बेहद नाराज हुए, इसलिए पाठक ने अब लीजा और उसकी प्रतिभा प्रबंधन टीम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का फैसला किया है ।

अभिषेक पाठक कहते हैं कि शूटिंग शुरू होने से सिर्फ दस दिन पहले लीजा ने फिल्म में काम करने से मना कर दिया जिससे उनका बड़ा नुकसान हुआ है और इसलिए उन्होंने लीजा के ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई करने का फ़ैसला लिया है । उन्होंने बताया कि सेट बनाने और फिल्म के बाकी कलाकारों की डेट ली जा चुकी थी लेकिन सारी तैयारी अब बर्बाद हो गई । फिल्म की शूटिंग को फिलहाल रद्द कर दिया गया है

और नए सिरे अब अक्टूबर में शूटिंग होगी । निर्माता पाठक ने ये भी बताया कि फिल्म को साइन करने के दौरान भी लीजा ने कई शर्तें रखी थी । उन्होंने कहा था कि वो इस फिल्म के गाने में लिपसिंक नहीं करेंगी । अभिषेक कहते हैं कुछ कलाकार वक्त और पैसे की अहमियत को समझते ही नहीं हैं । पाठक ने आगे कहा कि, वह इस बात से भी दुखी हैं कि उन्होंने इस फ़िल्म के लिए परेश रावल और तनवी आज़मी< जो इस फ़िल्म में मुख्य भूमिका में नजर आएंए, की डेट्स भी लॉक कर दी हैं ।

लीजा के अचानक उठाये इस कदम से निर्माता बुरी तरह भड़क गए हैं और उन्होंने लीजा को नोटिस भेज कर उनके कथित अनप्रोफेशनल बिहेवियर के लिए लीजा को सबक सीखने का फैसला किया है ।

गौरतलब है कि 20 अक्टूबर तक इस फ़िल्म की शूटिंग शुरु होने की उम्मीद है, बहरहाल अब अभिषेक पाठक नई हिरोइन की तलाश कर रहे हैं ।