
चाहे वो राजनीतिक मुद्दा हो या सामाजिक, या कोई और, भारतीय डेयरी कॉपरेटिव ब्रांड 'अमूल' किसी भी मुद्दे पर अपने अंदाज में बात करती है । जब से अमूल ने अपना एक फ़ोटो सेगमेंट, जिसका नाम 'अमूल टोपिकल' है, दर असल यह एक चुटीला कार्टून है, चलाया है तब से यह ब्रांड किसी भी मुद्दे को बहुत ही दिलचस्प ढंग से लेता है ।
जैसा की हम सभी को पता है कि हाल ही में बॉलिवुड फ़िल्ममेकर संजय लीला भंसाली के साथ उनकी आगामी महत्वाकांक्षी फ़िल्म 'रानी पद्मावती' की शूटिंग के दौरान एक दुखद घटना हुई । जयपुर के जयगढ़ किले में चल रही संजय लीला भंसाली की पीरियड ड्रामा फिल्म 'पद्मावती' की शूटिंग के दौरान राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा मचाया और तोड़-फोड़ की साथ ही संजय लीला भंसाली के साथ मारपीट भी की । करणी सेना का कहना है कि उन्हें अलाउद्दीन खिलजी और रानी पद्मावती के बीच कथित रूप से फिल्माए जा रहे लव सीन पर आपत्ति है । पद्मावती के सेट पर की गई तोड़फोड़ के दौरान फ़िल्म को काफ़ी नुकसान हुआ और जिसमें कई सारे उपकरण टूट गए ।
इस मामले को अमूल ने दिलचस्प ढंग से लेते हुए एक चुटीला कार्टून बनाया । अपने सभी 'अमूल टोपिकल' की तरह इस बार भी अमूल ने संजय लीला भंसाली की पद्मावती विवाद को एक दिलचस्प तरीके से लिया है । अपने फ़ोटो सेगमेंट को शेयर करते हुए अमूल ने लिखा, “#Amul Topical: Mob fury unleashed on films sets and director!” इतना ही नहीं< इस टोपिकल में एक हेडलाइन भी दी है और वो है, “Hairani Padmavati?”
इसी बीच संजय लीला भंसाली ने इस बात की पुष्टि की है कि फ़िल्म में किसी भी तरह के इतिहास को नष्ट नहीं किया गया । गौरतलब है कि ‘पद्मावती’ राजस्थानी पृष्ठभूमि की कहानी है । फिल्म में शाहिद कपूर पद्मावती के पति और राजपूत शासक राजा रतन सिंह की भूमिका में हैं । इसके अलावा इस फिल्म में रणवीर सिंह सल्तनत काल में दिल्ली के शासक अलाउद्दीन खिलजी की भूमिका निभा रहे हैं, जिसे रानी पद्मावती से प्रेम हो गया था । फिल्म में पद्मावती की भूमिका दीपिका पादुकोण निभा रही हैं । यह फ़िल्म 17 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।

